मेरठ में व्यापारी से 20 लाख की अवैध वसूली में दो दरोगा लोकेन्द्र शाहू और महेश कुमार सस्पेंड, मुक़दमा दर्ज़ 

  • [By: Meerut Desk || 2026-02-11 00:42 IST
  • 304
मेरठ में व्यापारी से 20 लाख की अवैध वसूली में दो दरोगा लोकेन्द्र शाहू और महेश कुमार सस्पेंड, मुक़दमा दर्ज़ 

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार खिलाफ बेहद सख्ती के बावजूद भ्रष्टाचार कम नहीं हो रहा है। 20 लाख रूपये की अवैध वसूली प्रकरण में जनपद के लोहियानगर थाने में तैनात दो दरोगा मेरठ पुलिस की किरकिरी का कारण बन गए। इस मामले ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। मेरठ के नए एसएसपी अविनाश पांडेय ने दोनों आरोपी दरोगाओं को सस्पेंड करते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है और थाना प्रभारी के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए हैं।

दरअसल लोहियानगर थाने में तैनात दरोगा लोकेन्द्र शाहू और महेश कुमार ने एक धागा कारोबारी को अगवा कर उससे 20 लाख रुपये की अवैध वसूली की। जैसे ही शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंची, तत्काल जांच बैठा दी गई। पीड़ित कारोबारी लिसाड़ी गेट के गोला कुआं का रहने वाला बताया जा रहा है। व्यापारी का धागे का बड़ा काम है वह हाल ही में जमीन बेचकर बड़ी रकम लेकर आया था। आरोप है कि इसी सूचना के आधार पर दोनों दरोगाओं ने योजनाबद्ध तरीके से उसे दबाव में लिया और मोटी रकम ऐंठ ली। घटना के उजागर होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

एसएसपी अविनाश पांडेय ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों आरोपित दरोगाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वही आयुष विक्रम सिंह की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। पुलिस ने 15 लाख रुपये बरामद करने की बात कही है, जबकि शेष रकम लाने का बहाना बनाकर दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इस प्रकरण में थाना प्रभारी योगेश चंद की भूमिका भी जांच के दायरे में है। बड़े पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि उनकी संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई तय है।

दूसरी और एसएसपी अविनाश पांडेय ने साफ शब्दों में कहा है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार या अवैध वसूली को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। इस मामले में ऐसी कार्यवाही होगी जो नजीर बनेगी।

TAGS

#

SEARCH

RELATED TOPICS