सीएम योगी से मुलाकात के बाद सांसद अरुण गोविल ने उठाया बंद सेंट्रल मार्किट का शटर 

  • [By: Meerut Desk || 2025-10-29 01:36 IST
  • 30
सीएम योगी से मुलाकात के बाद सांसद अरुण गोविल ने उठाया बंद सेंट्रल मार्किट का शटर 

मेरठ। शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्किट में भूखंड संख्या 661/6 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ध्वस्तीकरण के बाद 31 अन्य निर्माणों को भी धवस्त करने के लिए आवास विकास परिषद् ने नोटिस जारी किये थे। जिसके चलते सेंट्रल मार्किट और आस पास के बाजार अनिश्चित समय के लिए बंद कर दिए गए। पीड़ित लोग भाजपा के बहिष्कार की बात करने लगे थे। 

इसी बीच मेरठ-हापुड़ के भाजपा सांसद अरुण गोविल ने लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और सेंट्रल मार्किट में बुलडोज़र कार्यवाही के बारे में चर्चा की। मुख्यमंत्री योगी से चर्चा के बाद अरुण गोविल मेरठ पहुंचकर सीधे सेंट्रल मार्किट पहुंचे और धरने पर बैठे व्यापारियों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि अब सेंट्रल मार्किट में बुलडोज़र नहीं चलेगा। 

क्या है मामला: दरअसल शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अवैध कॉम्पलेक्स के ध्वस्तीकरण के बाद 31 अन्य निर्माणों को ध्वस्तीकरण से बचानेके लिए व्यापारियों धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और अनिश्चितकालीन बाजार बंद कर दिया। इसी बीच भाजपा सांसद अरुण गोविल और कैंट विधायक अमित अग्रवाल के अब बुलडोजर नहीं चलने के आश्वासन के बाद मंगलवार शाम को बाजार खोल दिया गया। भाजपा नेताओ ने धरना  स्थल के पीछे दुकान का शटर खुद उठाकर बंद बाजार को खुलवा दिया। ग़ौरतलब है कि इससे पहले सेंट्रल मार्केट में दिनभर धरना चलता रहा। दोपहर में महिलाओं और व्यापारियों ने संयुक्त रूप से शांति मार्च निकालकर आवास विकास परिषद के खिलाफ आक्रोश जताया।

दूसरे दिन भी सेंट्रल मार्केट बाजार को बंद कर व्यापारी धरने पर बैठे रहे। शहर के दूसरे बाजारों से एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी भी धरने में शामिल हुए। दोपहर में महिलाओं, व्यापारियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नारेबाजी करते हुए पूरे सेंट्रल मार्केट-शास्त्रीनगर में शांति मार्च निकाला। इसमें एआईएमआईएम, कांग्रेस, सपा नेता अतुल प्रधान भी शामिल हुए। 

शाम के समय को सांसद अरुण गोविल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, भाजपा क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष विजेंद्र अग्रवाल, संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता एवं नवीन गुप्ता सेंट्रल मार्केट पहुंचे।

उसी समय महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कॉम्पलेक्स ध्वस्तीकरण से उजड़े 22 व्यापारियों को नगर निगम के नई सड़क पर बनने वाले मिनी मॉल में जगह देने की घोषणा की। कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि कमिश्नर के साथ हुई बैठक में कई बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसमें मुख्य रूप से फिलहाल चिह्नित 31 निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई का स्थगनादेश जारी करने, ध्वस्त किए कॉम्पलेक्स के स्थान पर अस्थाई तौर पर केनॉपी लगाकर व्यापार करने, सेंट्रल मार्केट को स्ट्रीट बाजार का दर्जा देनेकी जानकारी दी। 

सांसद अरुण गोविल ने व्यापारियों को भरोसा दिया कि अब यहां बुलडोजर की कार्रवाई नहीं होगी। उन्होंने धरनास्थल के पीछे दुकान का शटर खुद उठाया और अपील करते हुए बंद सेंट्रल मार्केट को खुलवा दिया। सांसद और विधायक के आश्वासन के बाद सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन बाजार बंदी वापस ले ली।

TAGS

# Meerut

SEARCH

RELATED TOPICS