भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने किया जेना ज्वैलर्स के अवैध शोरूम/बिल्डिंग का उद्घाटन, आवास विकास परिषद ने थमा दिया नोटिस

  • [By: Meerut Desk || 2025-09-30 08:42 IST
  • 25
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने किया जेना ज्वैलर्स के अवैध शोरूम/बिल्डिंग का उद्घाटन, आवास विकास परिषद ने थमा दिया नोटिस

मेरठ। नवरात्रों के पहले दिन 22 सितंबर को सेंट्रल मार्किट स्थित जैना ज्वेलर्स शोरूम का उद्घाटन फिल्म अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने किया। लेकिन आयोजकों ने नियम-कानून ताक पर रख आवासीय भूखंड पर कई मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग खड़ी कर दी। जब इस अवैध निर्माण का कार्य किया जा रहा था उसी समय कई लोगों ने इस अवैध निर्माण की शिकायत आवास विकास परिषद् के अधिकारियो से की थी लेकिन भ्रष्टाचार में लिप्त संबंधित अधिकारी ने कुछ भी नहीं किया और देखते ही देखते आवासीय भूखंड पर अवैध रूप से कमर्शियल बिल्डिंग खड़ी कर दी गई जिससे राज्य सरकार को कई लाख रुपए के राजस्व की हानि हुई। लेकिन इसका आवास विकास परिषद् मेरठ पर कोई फर्क नहीं पड़ा। आरटीआई एक्टिविस्ट लोकेश खुराना ने इस अवैध निर्माण की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर की जिसके बाद अब आवास विकास परिषद् नींद से जागा और औपचारिकता के लिए एक नोटिस जारी कर दिया जिसमे 15 दिन में जवाब देने को कहा गया है। गौरतलब है कि सेंट्रल मार्किट में अवैध दुकानों के ध्वस्तीकरण का आदेश सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिया गया है; लेकिन आवास विकास परिषद् के अधिकारी ने अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की है। 

भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने किया था उद्घाटन: जनपद के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट स्थित आभूषण व्यवसाय के जैना ज्वेलर्स का नया शोरूम खुलते ही विवादों में आ गया। इस जैना ज्वेलर्स शोरूम शोरूम का उद्घाटन 22 सितंबर को भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने किया था, लेकिन उद्घाटन के महज सात दिन बाद ही आवास एवं विकास परिषद ने इसे अवैध निर्माण के आरोप में नोटिस जारी कर दिया है।

मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद जगा परिषद्: जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद आवास विकास परिषद ने यह नोटिस जारी किया है। आरोप है कि अधिकारियों की मिलीभगत से आवासीय भूखंड पर भव्य व्यावसायिक शोरूम खड़ा कर दिया गया। आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता आफताब अहमद की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि प्लॉट संख्या 259/6 का भू-उपयोग परिवर्तन कर शोरूम संचालित किया जा रहा है। इस पर 15 दिन के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा गया है।

आरटीआई एक्टिविस्ट ने लगाए गंभीर आरोप: जनपद के सामाजिक कार्यकर्ता और आरटीआई एक्टिविस्ट लोकेश खुराना ने आरोप लगाया कि आवास विकास परिषद के अधिकारी इस पूरे मामले में मिलीभगत कर रहे हैं। जमकर भ्रष्टाचार किया गया है। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में पहले से ही कई अवैध निर्माण मौजूद हैं, लेकिन उन पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय व्यापारियों का भी यही आरोप है कि निर्माण के समय से ही शिकायतें उठाई गई थीं, परंतु अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज करते आ रहे हैं।

परिषद की सफाई नक्शा कंपाउंड हुआ था: आवास एवं विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि जैना ज्वेलर्स का नक्शा कंपाउंड हुआ था। वर्तमान में जांच की जा रही है कि निर्माण अनुमोदित नक्शे के अनुसार है या नहीं। उन्होंने साफ कहा कि यदि गड़बड़ी पाई गई तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नोटिस की तय अवधि पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

जैना ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक अतुल जैन, रोहित जैन, अंकुर जैन, वरुण जैन और वर्धमान जैन ने उद्घाटन समारोह के दौरान बताया था कि उनका पारिवारिक आभूषण व्यवसाय 100 साल पुराना है। शताब्दी वर्ष के अवसर पर उन्होंने तीसरा नया शोरूम खोला है। उद्घाटन से पहले गणेश पूजन और आरती भी आयोजित की गई थी। भाजपा नेता हेमा मालिनी ने जैन परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि उन्होंने वर्ष 2008 में भी जैना ज्वेलर्स के आबूलेन स्थित शोरूम का उद्घाटन किया था।

आवास विकास परिषद् के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार ने एशियन एक्सप्रेस को बताया कि जैना ज्वैलर्स संचालकों को 15  दिन में ज़वाब देने के लिए नोटिस दिया गया है। अगर 15 दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है को कार्यवाही की जाएगी। 

TAGS

# Meerut

SEARCH

RELATED TOPICS