भाजपा की पूर्व एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के घर और मेडिकल कॉलेज में सीबीआई का छापा

  • [By: Meerut Desk || 2025-07-02 15:16 IST
  • 18
भाजपा की पूर्व एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के घर और मेडिकल कॉलेज में सीबीआई का छापा

मेरठ। समाजवादी पार्टी की अखिलेश यादव और भाजपा की योगी सरकार की पूर्व एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के खरखौदा स्थित मेडिकल कॉलेज और आवास पर सीबीआई ने छापेमारी की। सीबीआई टीम ने छापेमारी के दौरान डॉ. सरोजिनी अग्रवाल, उनके पति डॉ. ओपी अग्रवाल और बेटी डॉ शिवानी अग्रवाल के मोबाइल फ़ोन अपने कब्जे में ले लिए थे। 

दरअसल सीबीआई ने मंगलवार देर रात भाजपा नेता डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के खरखौदा स्थित एनसीआर मेडिकल कॉलेज और शहर में बेगमपुल के पास जवाहर क्वाटर्स स्थित घर पर एक साथ छापेमारी की। कहा जा रहा है कि सरोजिनी अग्रवाल के मेडिकल कॉलेज में फर्जीवाड़ा होने की सूचना पर सीबीआई ने छापेमारी कर गहन जाँच की। देर रात सीबीआई टीम जांच पड़ताल कर मेडिकल कॉलेज से संबंधित तमाम पत्रावली अपने कब्जे में लेकर और साक्ष्य एकत्र कर लौट गई। 

इससे एक दिन पहले सरोजिनी अग्रवाल के खरखौदा स्थित नेशनल कैपिटल रीजन (एनसीआर) इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में सोमवार को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की टीम ने जांच पड़ताल की थी। दरअसल टीम को शिकायत मिली थी कि सरोजिनी अग्रवाल के मेडिकल कॉलेज में मानक के अनुसार फैकल्टी नहीं हैं। साथ ही छात्रों का पंजीयन और उनकी पढ़ाई भी मानकों को पूरा नहीं कर रही है। मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भर्ती और ओपीडी में भी फर्जीवाड़े की शिकायत एनएमसी की टीम को मिली थी। जिसके बाद टीम ने मेडिकल कॉलेज जाकर जाँच पड़ताल की। 

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की रिपोर्ट और लखनऊ में सीबीआई द्वारा मेडिकल कॉलेजों को मान्यता दिलाने के नाम पर घूसखोरी करने वाले तीन डॉक्टरों समेत छह लोगों की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को सीबीआई ने प्रदेश में अनेक स्थानों पर छापे की कार्रवाई की। सीबीआई टीम ने मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे खरखौदा में सरोजिनी अग्रवाल के एनसीआर मेडिकल कॉलेज पर छापा मारा और काफी सबूत एकत्र करके अपने साथ ले गई। 

सीबीआई टीम के तीन पुरुष एवं एक महिला समेत चार अधिकारियों की जाँच टीम ने मेडिकल कॉलेज में कंप्यूटर के अलावा मेडिकल कॉलेज से संबंधित तमाम पत्रावली, शिक्षकों की उपलब्धता, छात्रों का पंजीयन, मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों का ब्योरा, ओपीडी रजिस्टर आदि दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। मेडिकल कॉलेज में लगातार पांच घंटे जांच पड़ताल की। 

सीबीआई की टीम ने रात साढ़े आठ बजे डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के बेगमपुल के पास स्थित आवास पर छापा मारा। टीम ने आवास पर पहुंचकर डॉ. सरोजिनी अग्रवाल, उनके पति डॉ. ओपी अग्रवाल, बेटी शिवानी के मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए। टीम ने मेडिकल कॉलेज से संबंधित तमाम पत्रावली भी कब्जे में ले ली। सभी फाइलें चेक की और रिकॉर्ड खंगाले। सीबीआई टीम ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और स्टॉफ से भी पूछताछ की। रात करीब 12 बजे तक छापे की कार्रवाई चली। 

TAGS

#

SEARCH

RELATED TOPICS