सीबीआई के छापे के बाद भाजपा नेता सरोजिनी अग्रवाल के एनसीआर मेडिकल कॉलेज का वर्तमान सत्र शून्य घोषित 

  • [By: Meerut Desk || 2025-07-21 16:13 IST
  • 21
सीबीआई के छापे के बाद भाजपा नेता सरोजिनी अग्रवाल के एनसीआर मेडिकल कॉलेज का वर्तमान सत्र शून्य घोषित 

मेरठ। समाजवादी पार्टी से भारतीय जनता पार्टी में शामिल आई पूर्व एमएलसी सरोजिनी अग्रवाल की मुसीबतें थमने का नाम नहीं ले रही है। अभी कुछ दिन पूर्व ही सरोजिनी अग्रवाल के एनसीआर मेडिकल कॉलेज (पूर्व नाम मुलायम सिंह मेडिकल कॉलेज) और आवास पर सीबीआई ने छापा मारा था। सीबीआई के छापे के बाद अब केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सरोजिनी अग्रवाल के एनसीआर मेडिकल कॉलेज के वर्तमान शैक्षिक सत्र को शून्य घोषित कर दिया है। एनसीआर मेडिकल कॉलेज तरह देशभर के कई अन्य मेडिकल कॉलेजों पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा यह कार्रवाई की गई है।

दरअसल नीट प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी (एमसीसी) ने मेडिकल कालेजों मेंएमबीबीएस की सीटों के लिए अनंतिम मैट्रिक्स जारी की है। इसके तहत नीट परीक्षा में सफल छात्रों के लिए देशभर के 775 मेडिकल कालेजों को लेकर सूचना दी गई है। इस सूचना के अनुसार राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने ईमेल के माध्यम से देशभर के मेडिकल कॉलेजों के लिए पहले चरण की एमबीबीएस सीटों का अनंतिम मैट्रिक्स प्रदान किया है। सत्र 2025-26 के लिए एमबीबीएस सीटों की जानकारी दी गई है। सभी संस्थानों और काउंसिलिंग अधिकारियों को सलाह दी गई है कि वे एनएमसी द्वारा प्रदान किए गए मैट्रिक्स के अनुसार ही सीटों को भरें।

कई कॉलेजों में गड़बड़ी की शिकायत पर सीबीआई ने खरखोदा स्थित भाजपा नेता सरोजिनी अग्रवाल के एनसीआर मेडिकल कॉलेज परिसर और आवास पर छापेमारी की थी। छापे के बाद सीबीआई अपने साथ काफी सारे कागज़ात ले गई थी।

इसके बाद सत्र 2025-26 के लिए मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों की जानकारी देने के साथ ही सरोजनी अग्रवाल के नेशनल कैपिटल रीजन (एनसीआर) इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में एमबीबीएस सीटों की संख्या शून्य घोषित कर दी गई है। इसे सीबीआई छापे के बाद की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। ग़ौरतलब है कि इस तरह की कार्रवाई सीबीआई छापे से संबंधित अन्य मेडिकल कालेजों पर भी की गई है। इस अनंतिम सीट मैट्रिक्स में एम्स, मेडिकल कॉलेज, मेडिकल इंस्टीट्यूट सहित विभिन्न राज्यों के मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध एमबीबीएस सीटों की जानकारी शामिल है। अब नीट प्रवेश परीक्षा में सफल छात्र संबंधित मेडिकल कॉलेज, संस्थानों में ही आगामी यूजी काउंसिलिंग 2025 में भाग ले सकते हैं।

सीबीआई छापे के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा सरोजिनी अग्रवाल के एनसीआर मेडिकल कॉलेज के वर्तमान शैक्षिक सत्र को शून्य घोषित कर दिए जाने पर लोगों में चर्चा है कि यह भाजपा नेता सरोजिनी अग्रवाल के लिए बड़ा झटका है। 

SEARCH

RELATED TOPICS