माधवपुरम सेक्टर-2 में भगवती धर्मकांटे भूखंड पर चार मंजिला अवैध निर्माण को बचाने में लगे आवास विकास परिषद के अधिकारी

  • [By: Meerut Desk || 2026-02-12 00:32 IST
  • 2523
माधवपुरम सेक्टर-2 में भगवती धर्मकांटे भूखंड पर चार मंजिला अवैध निर्माण को बचाने में लगे आवास विकास परिषद के अधिकारी

माधवपुरम सेक्टर-2 में उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बराबर में भगवती धर्मकांटे भूखंड पर चार मंजिला अवैध निर्माण कार्यवाही करने के बजाए बचाने में लगे आवास विकास परिषद के अधिकारी

मेरठ। जनपद में अवैध निर्माणों की बाढ़ सी आ गई है। मोटी घूसखोरों के लालच में अधिकारी करोड़ों रुपए के राजस्व की हानि कराकर अवैध निर्माण करने वालों पर कोई कार्यवाही नहीं करते। अगर शिकायत मिलने पर कहीं सीलिंग की कार्यवाही करते है तो वह भी दिखावे के लिए, सेटिंग की सीलिंग। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सुप्रीम कोर्ट की बेहद सख्ती के बावजूद अवैध निर्माणों का गैर क़ानूनी काम जोरो पर है। एशियन एक्सप्रेस लाइव हमेशा की तरह अवैध निर्माणों और अवैध कब्जों के ख़िलाफ़ मुखर होकर खबरे प्रकाशित करता रहा है। और अब निर्माण संबंधी नियमों को दरकिनार कर कार्यवाही से बचना आसान नहीं है। 

माधवपुरम सेक्टर-4 स्थित भूखंड संख्या 840 के अवैध निर्माण पर आज आवास विकास परिषद की टीम ने इस अवैध भवन में चल रहे रेस्टोरेंट को बंद कराकर पूरे भवन पर सील लगा दी। लेकिन माधवपुरम स्थित उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने हुए अवैध निर्माण पर पहले भी सेलिंग की कार्यवाही हो चुकी थी। तब सिर्फ इसका निर्माण हो रहा था। विभागीय मिलीभगत के चलते सीलिंग हटा कर अवैध निर्माण का कार्य पुनः चालू हो गया और आवास विकास परिषद की आंखों के सामने इस अवैध निर्माण पर कई मंजिला लिंटर भी डाल दिया गया। गौरतलब है कि इससे पहले भी सीलिंग लग चुकी थी। एशियन एक्सप्रेस लाइव उक्त खबर का प्रकाशन 1 नवंबर 2025 को किया था।

इसमें दूसरी मजेदार बात यह है कि इसी अवैध निर्माण के ठीक सामने यानी उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बिल्कुल बराबर में भगवती धर्मकांटे वाले भूखंड पर 3-4 मंजिला अवैध निर्माण बनकर तैयार भी हो गया। लिंटर पर लिंटर डालते गए और आवास विकास परिषद के अधिशासी, सहायक और अवर अभियंता ने इस आंखें मूंदकर अवैध निर्माण को पूरा होने दिया। आज इसके सामने स्थित अवैध निर्माण जिसमें एक रेस्टोरेंट का संचालन भी शुरू हो चुका है उसे सील कर दिया गया लेकिन धर्मकांटे वाले भूखंड पर अवैध निर्माण की तरफ देखा भी नहीं। जबकि उक्त भूखंड पर अवैध निर्माण का कार्य जारी है। दीवारों पर प्लास्टर और सफेदी का कार्य चल रहा है। ऐसा लगता है कि आवास विकास परिषद खंड-2 के अधिशासी अभियंता और उनकी टीम इस अवैध निर्माण को बचाना चाहतीं है।

एशियन एक्सप्रेस के वरिष्ठ संवाददाता ने जब अधिशासी अभियंता सम्मित कटियार से इस अवैध निर्माण के बाबत पूछा तो अधिशासी अभियंता इस अवैध निर्माण के बचाव में आ गए और कहा कि अब इस भूखंड पर निर्माण कार्य बंद है। जाहिर सी बात है जब किसी अवैध निर्माण के सामने स्थित अवैध निर्माण पर सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्यवाही हो रही हो तो सामने चल रहे अवैध निर्माण के कार्य को तो तुरंत बंद कर ही दिया जाएगा। जबकि आवास विकास परिषद को धर्मकांटे वाले इस भूखंड पर भी सीलिंग की कार्यवाही करनी चाहिए़ थी। लेकिन आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता सामने के अवैध निर्माण पर जो कि दो महीने पहले पूरा हो चुका था उस पर सील लगा दी लेकिन वर्तमान में चल रहे अवैध निर्माण की तरफ बिना देखे ही टीम के साथ लौट गए।

आसपास के लोगों ने बताया कि इस भूखंड पर नर्सिंग होम बन रहा है। खैर यह बाद की बात है कि इस तरह के अवैध निर्माण पर नर्सिंग होम का लाइसेंस किस तिगड़म से मिलेगा। उस पर बाद में चर्चा और रिपोर्टिंग करेंगे।

आवास विकास परिषद् ने माधवपुरम और मंगलपांडे नगर में अवैध निर्माणों को सील किया 
मेरठ। जनपद में सुनामी की तरह अवैध निर्माण हो रहे है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सुप्रीम कोर्ट की बेहद सख्ती के बावजूद अवैध निर्माणों का गैर क़ानूनी काम जोरो पर है। एशियन एक्सप्रेस लाइव हमेशा की तरह अवैध निर्माणों और अवैध कब्जों के ख़िलाफ़ मुखर होकर खबरे प्रकाशित करता रहा है। और अब निर्माण संबंधी नियमों को दरकिनार कर कार्यवाही से बचना आसान नहीं है। 

आज आवास विकास परिषद् के अधीक्षण अभियंता राहुल यादव के नेतृत्व में प्रमुख आवासीय योजनाओं में स्वीकृत मानचित्र से भिन्न निर्माण किए जाने की शिकायत मिलने पर मंगलपंडेय नगर और माधवपुरम स्थित तीन भूखंडों पर अवैध निर्माण किए जाने पर इन तीनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया। अवैध निर्माणों के खिलाफ इस कार्यवाही के चलते आसपास के क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में खलबली सी मच गई। 

आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता राहुल यादव के निर्देशन में पुलिस बल के साथ परिषद की टीम मंगलपांडे नगर पहुंची और भूखंड संख्या 349 में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण में स्वीकृत मानचित्र का उल्लंघन करने पर उक्त अवैध निर्माण पर सीलिंग की कार्यवाही की गई। विभाग ने बताया कि कई बार नोटिस देने के बावजूद अवैध निर्माण जारी रहा था।

आवास विकास परिषद के अनुसार माधवपुरम योजना संख्या-10, सेक्टर-2 स्थित भूखंड संख्या 2/सीपी-1, सेक्टर-4 के भूखंड संख्या 840 और मंगलपांडे नगर योजना संख्या-1 स्थित भूखंड संख्या 349 पर सील लगाई गई। आवास विकास परिषद के अनुसार जांच के दौरान इन तीनों भूखंडों पर निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किया गया था। नियम विपरीत निर्माण कार्य होने पर विभाग द्वारा सीलिंग की कार्यवाही की गई। 

इसी दौरान आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता राहुल यादव ने लोगों से अपील की कि भवन निर्माण से पूर्व स्वीकृत मानचित्र और नियमों का पूर्ण रूप से पालन करे ताकि भविष्य में आपको किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा अवैध निर्माण के खिलाफ परिषद की कार्यवाही जारी रहेगी।

माधवपुरम पुलिस चौकी के सामने ही यह अवैध निर्माण भी बनकर और सफेदी कराकर तैयार कर लिया गया और आवास विकास परिषद के अधिकारी आँखें बंद किए सोते रहे।

SEARCH

RELATED TOPICS