नगर निगम मेरठ के वार्ड 48 और 67 में बेहद घटिया सड़क निर्माण पर फूटा नगर आयुक्त का गुस्सा 

  • [By: Meerut Desk || 2025-10-13 23:32 IST
  • 111
नगर निगम मेरठ के वार्ड 48 और 67 में बेहद घटिया सड़क निर्माण पर फूटा नगर आयुक्त का गुस्सा 

मेरठ। शासन और प्रशासन की बेहद सख्ती के बावजूद नगर निगम में घटिया सड़क निर्माण कार्य जोरो पर चल रहा है। मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता अपने एसी कमरों से बाहर निकलने को तैयार नहीं। सड़क निर्माण का भौतिक निरीक्षण के लिए एसी कार से जाने पर भी जोर पड़ता है। जिसके चलते अभियंताओं की मोटी कमीशनखोरी के लालच में घटिया निर्माण कार्य हो रहे है।

निगम के वार्ड 48 द्वारिका पूरी में सीसी सड़क निर्माण  की मोटाई 7 इंच के बजाय मात्र 4 इंच देखकर नगर आयुक्त सौरभ गंगवार बुरी तरह से भड़क गए। नगरायुक्त ने संबंधित अधिशासी अभियंता शिरीष कुमार, सहायक अभियंता सीएल वर्मा और अवर अभियंता सचिन कुमार को बेहद घटिया सड़क निर्माण कार्य के चलते कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ने मुख्य अभियंता प्रमोद सिंह को संबंधित अभियंताओं तथा निर्माण कार्य करने वाली फर्म मैसर्स आशु कंस्ट्रक्शन के खिलाफ दंड प्रस्तावित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिय। 

इसके अतिरिक्त वार्ड-48 की ही सरस्वती लोक कॉलोनी में बी-ब्लॉक में बनी सड़क का भी निरीक्षण किया। इस सड़क का निर्माण भी घटिया स्तर का था। नगरायुक्त ने इस सड़क का सरफेस मानक के अनुसार नहीं पाया। नाराज नगरायुक्त ने सरफेस पर दोबारा नई लेयर डालकर पुनः निर्माण कराने का निर्देश दिया। 

वार्ड-67 रामबाग कॉलोनी की विभिन्न गलियों में सीसी रोड और नालियों का भी निर्माण कार्य देखा। यहां  नालियों की तली में स्टोन ब्लास्ट मानक के अनुसार कम पाए जाने और चिनाई आदि कार्य सही प्रकार से न होने पर नाराजगी जताई। नगरायुक्त ने उसी समय संबंधित अवर अभियंता संदीप कुमार निर्धारित मानक के अनुसार निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। 

घटिया निर्माण कार्यों से नाराज नगरायुक्त ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों में कोई भी कमी पाई गई तो अवर अभियंताओं के वेतन से कटौती की जाएगी। उन्होंने निगम के सभी अभियंताओं को निर्माण कार्यों को अपने सामने शुरू कराने और उसके जिओटेग फोटो प्रतिदिन भेजने का निर्देश दिया। 

एशियन एक्सप्रेस के वरिष्ठ संवाददाता का निवास इसी क्षेत्र में है। उन्होंने इस घटिया स्तर के निर्माण के बारे में निगम के मुख्य अभियंता प्रमोद सिंह जो कभी फोन नहीं उठाते और बहुत ही कम अपने दफ्तर में नजर आते है, और अधिशासी अभियंता को दो बार और अवर अभियंता को भी कहा कि घटिया सड़क निर्माण कार्य हो रहा है। लेकिन किसी अधिकारी ने कुछ नहीं। सभी को अपने कमीशन से मतलब।

निगम के नकारा अभियंताओं ने जब कुछ नहीं किया तो इसी खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया गया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स हैंडल टैग किया गया।

लेकिन सोचने वाली बात यह है कि पहले भी कई बार नगरायुक्त ने ख़राब और घटिया निर्माण कार्यों को लेकर सख्ती बरती है लेकिन भ्रष्टाचार में कंठ तक डूब चुके निर्माण विभाग के अधिकारियों के कानों पर जूं नहीं रेंगती। कुछ दिन बाद वे फिर अपने पुराने ठर्रे पर आ जाते है। 

SEARCH

RELATED TOPICS