सुभारती मेडिकल कॉलेज मेरठ के छात्रावास में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र गोपेश कृष्ण ने फंदा लगाकर जान दी

  • [By: Pramod DaulatRam || 2025-11-30 12:32 IST
  • 56
सुभारती मेडिकल कॉलेज मेरठ के छात्रावास में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र गोपेश कृष्ण ने फंदा लगाकर जान दी

मेरठ। सुभारती यूनिवर्सिटी में स्थित सुभारती मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र गोपेश कृष्ण ने शनिवार को कॉलेज हॉस्टल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस को उसके कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें छात्र ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। पुलिस ने छात्र के मोबाइल और लैपटॉप को कब्जे में लेकर जाँच शुरू कर दी है। 

क्या है मामला: दरअसल सुभारती मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम वर्ष के गोपेश कृष्ण नामक छात्र ने शनिवार दोपहर डॉ कोटनिस हॉस्टल के कमरा नंबर 122 के बाथरूम के रोशनदान से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जब काफी देर तक छात्र के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो कॉलेज प्रशासन ने पुलिस की सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में ही दरवाजा तोड़ा गया। कमरे में छात्र के शव को फांसी पर झूलता देख चारों तरफ हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर मेडिकल मोर्चरी भिजवा दिया है। मृतक छात्र के पिता और जीजा पुलिस अधिकारी है। 

अलीगढ़ में डिफेंस कम्पाउंड सांगवान सिटी रोड निवासी छात्र गोपेश कृष्ण के पिता उदल सिंह यूपी पुलिस में आरआई पद पर कार्यरत हैं। फिलहाल उनकी तैनाती जनपद मुजफ्फनगर में है। उनका पुत्र गोपेश कृष्ण मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र था।

शनिवार दोपहर डॉ कोटनिस हॉस्टल के कमरा नंबर 122 के बाथरूम के रोशनदान सेफांसी लगाकर गोपेश कृष्ण ने आत्महत्या कर ली। आरआई के बेटे के सुसाइड की सूचना पर मुजफ्फरनगर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने सुभारती मेडिकल कॉलेज कॉलेज पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इस दौरान मेरठ एसपी क्राइम अवनीश कुमार, सरधना सीओ आशुतोष कुमार और थाना जानी मयफोर्स मौजूद रहे। 

छात्र गोपेश कृष्ण ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है आई लव यू मम्मी-पापा, मुझे माफ कर देना। सुसाइड नोट में मोबाइल और लैपटॉप का पासवार्ड भी लिखा मिला है। छात्र के रूम पार्टनर से पुलिस पूछताछ कर रही है। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ डॉ विपिन ताड़ा ने एशियन एक्सप्रेस लाइव को बताया:

"पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। गोपेश कृष्ण ने इसी वर्ष सुभारती मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में एडमिशन लिया था। छात्र के मोबाइल और लैपटॉप की जांच की जा रही है जिससे आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

सुभारती यूनिवर्सिटी में पहले भी हो चुकी है आत्महत्या की कई घटनाएं: सुभारती में गोपेश कृष्ण की आत्महत्या का यह पहला मामला नहीं है। पिछले दो-तीन सालों में आत्महत्या की कई घटनाएं हो चुकी है। गोपेश कृष्णा समेत 5 छात्र/छात्राएं सुभारती यूनिवर्सिटी में आत्महत्या कर चुके है। 

22 दिसंबर 2024: सुभारती यूनिवर्सिटी के मदनलाल ढींगरा हॉस्टल में पॉलिटेक्निक के बिहार के गया जनपद निवासी छात्र प्रिंस ने फांसी लगाकर अपनी जान दी थी। हालांकि पुलिस ने इसे प्रेम प्रसंग का मामला माना था।

13 नवंबर 2023: बिहार के ही सीतामढ़ी की 21 वर्षीय कांता नामक छात्रा सुभारती यूनिवर्सिटी में पॉलिटेक्निक कंप्यूटर साइंस थर्ड सेमेस्टर की पढाई कर रही थी। हॉस्टल में ही पंखे पर चुनरी से फंदा लगाकर उसने अपनी जान दे दी थी।

10 दिसंबर 2023: सुभारती यूनिवर्सिटी परिसर में बीसीए प्रथम वर्ष के बिहार निवासी शशी रंजन कुमार नामक छात्र ने भी अपने हॉस्टल रूम में आत्महत्या कर ली थी। परिवार के लोग भी शव का अंतिम संस्कार मेरठ में ही करके गए थे।

28 अक्टूबर 2022: जनपद के लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र की निवासी छात्रा ने सुभारती यूनिवर्सिटी में बीडीएस सेकंड ईयर की पढाई कर रही थी। छात्रा ने मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग से कूद कर अपनी जान दे दी थी। परिवार की और से छात्रा के सहपाठी सिद्धांत पंवार पर आत्महत्या के लिए छात्रा के उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा गया था। 

सुभारती यूनिवर्सिटी के ट्रस्टी डॉ अतुल भटनागर ने गैरजिम्मेदाराना बयान देते हुए कहा:

"मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के छात्र की आत्महत्या से कॉलेज के सभी छात्र और स्टाफ दुखी है। आत्महत्या मामले में कॉलेज प्रशासन का कोई मामला नहीं है। नौ दिन पूर्व ही छात्र हॉस्टल में आया था। आत्महत्या के पीछे घरेलू कारण सामने आ रहे है। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की इस समस्या को देखते हुए हॉस्टल के सभी कमरों में पंखों पर स्प्रिंग डिवाइस लगाए है। फिर भी छात्र बाथरूम के वेंटिलेटर पर फंदा बनाकर लटक गया। 

SEARCH

RELATED TOPICS