कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की धर्मसभा प्रारंभ होने से एक घंटा पहले प्रशासन ने रद्द की अनुमति 

  • [By: Meerut Desk || 2025-09-06 15:47 IST
  • 16
कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की धर्मसभा प्रारंभ होने से एक घंटा पहले प्रशासन ने रद्द की अनुमति 

आगरा। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की सभा के कार्यक्रम की आयोजकों ने जिला प्रशासन से अनुमति ली लेकिन कार्यक्रम प्रारंभ होने से एक घंटा पहले जिला प्रशासन ने दी गई अनुमति को ख़ारिज कर दिया। कार्यक्रम के आयोजकों ने भी कार्यक्रम के लिए दी गई अनुमति के ख़ारिज होने की पुष्टि की है। 

पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने इस बारे में आयोजकों को जानकारी देते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री की धर्मसभा में लगभग दो हजार लोगों की अनुमति दी गई थी लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही 10 हजार से अधिक लोग वहां पहुंच गए थे। ग्वालियर, भिंड, मुरैना और आसपास के जनपदों से लोग लगातार पहुंच रहे थे। भारी भीड़ के चलते कानून-व्यवस्था को लेकर दिक्कत आ सकती थी। इसीलिए कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह कार्यक्रम की अनुमति को रद्द कर दिया गया। इस मामले में कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को अवगत करा दिया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय को भी अवगत कराया गया है।

ग़ौरतलब है कि इसके पहले बारिश के कारण शु्क्रवार को धर्मसभा की जगह भी बदली गई थी। यह धर्मसभा पहले तारघर में होने वाली थी जिसे बदलकर फतेहा बाद रोड स्थित राजदेवम में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं लेकिन बारिश के कारण स्थान बदलना पड़ा था। राजदेवम में बाबा बागेश्वर की धर्मसभा शनिवार को एक बजे से शुरू होनी थी लेकिन एक घंटा पहले इसे रद्द कर दिया गया। आयोजकों ने राजदेवम में भी कार्यक्रम को लेकर बड़ी तैयारियां की थीं। ग़ौरतलब है कि धीरेंद्र शास्त्री एक बजे राजदेवम पहुंचने वाले थे लेकिन उनके पहुँचने से एक घंटा पहले ही प्रशासन ने अनुमति को रद्द कर दिया। 

SEARCH

RELATED TOPICS