देश में दलितों और मुस्लिमों का हो रहा उत्पीड़न: मायावती 

  • [By: Pramod DaulatRam || 2024-04-23 16:43 IST
  • 16
 देश में दलितों और मुस्लिमों का हो रहा उत्पीड़न: मायावती 

मेरठ। लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को मतदान होना है। अपने अपने उम्मीदवारों के पक्ष में वोट पाने के लिए आज भाजपा के अरुण गोविल के लिए योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी की सुनिता वर्मा के लिए अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी  देवव्रत त्यागी के लिए मेरठ में चुनावी सभा एवं रोड शो कर रहे है। 

बसपा प्रमुख मायावती आज हापुड़ रोड पर जनसभा करने पहुंचीं। मायावती ने चुनावी जनसभा के मंच से हापुड रोड पर अल्लीपुर में बसपा प्रत्याशी देवव्रत त्यागी की चुनावी सभा को संबोधित कर वोट करने की अपील की और कहा कि यदि जनता ने उन्हें मौका दिया तो सबसे पहले वह कौन सा कार्य करेंगी। मायावती ने कहा कि मौका मिलने पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाया जायेगा और हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की जाएगी। चुनावी मंच पर पूर्व विधायक हाजी याक़ूब और उनके पुत्र इमरान याक़ूब ने मायावती को सोने का मुकुट पहनाकर उनका स्वागत किया। 

ग़ौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 में मायावती की मेरठ में यह पहली चुनावी जनसभा है। मायावती ने मंच से भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। रैली के दौरान मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी देवव्रत त्यागी, पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी व हाफिज इमरान ने मिलकर बहन मायावती को सोने का मुकुट भेंट कर सम्मानित किया।

बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो व उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि यदि जनता ने हमें केंद्र में सरकार बनाने का मौका दिया तो सबसे पहला कार्य उत्तर प्रदेश का बंटवारा करके पश्चिम उत्तर प्रदेश बनाया जाएगा। मायावती ने कहा कि लखनऊ बेंच की तर्ज पर मेरठ में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की जाएगी। सभी बेरोजगार, दलित, मुस्लिम, गरीब, युवाओं को स्थाई रोजगार यानी सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने पश्चिम उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों को भी गन्ने का उचित मूल्य दिलाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही मायावती ने भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस और विपक्षी दलों की सहयोगी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन सभी राजनीतिक दलों ने देश के गरीब लोगों के साथ अन्याय किया है। 

चुनावी जनसभा के मंच से मायावती ने कहा कि भारतीय संविधान के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया जा रहा है। जहां दलित, अति पिछड़ों के आरक्षण के साथ छेड़छाड़ की गई है, वहीं सरकारी कर्मचारियों को नौकरियों में आरक्षण नहीं दिया जा रहा है। भाजपा की सरकार गरीबों को दो वक्त का सरकारी राशन देकर उनका असली रोजगार का अधिकार छीन रही है। उन्होंने मंच से अपनी सरकार के 2007 से 12 तक उत्तर प्रदेश की जनता के लिए किए गए कार्यों को भी गिनाया। 

मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के अंदर दलित और मुसलमानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। मायावती ने आश्वासन दिया कि अगर दलित-मुस्लिम] अति पिछड़े और सामान्य वर्ग के गरीब लोगों ने उन्हें केंद्र में सरकार बनाने का अवसर दिया तो किसी को उनका उत्पीड़न करने का अधिकार नहीं दिया जाएगा। मायावती ने मेरठ से बसपा प्रत्याशी देवव्रत त्यागी के लिए वोट के लिए जनता से आह्वान किया और मेरठ की क्रांतिधरा से देवव्रत त्यागी को लोकसभा सांसद चुनकर भेजने की अपील की।

SEARCH

RELATED TOPICS