आज की बात आज : 28 मई 2025 की मुख्य हेडलाइंस

  • [By: Meerut Desk || 2025-05-28 17:44 IST

आज की बात आज : 28 मई 2025 की मुख्य हेडलाइंस

1. प्रधानमंत्री मोदी गुजरात दौरे पर हैं। उन्होंने गांधी नगर में रोड शो के बाद पाकिस्तान को सख्त मैसेज देते हुए कहा कि हम कांटे को निकालकर रहेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, ”देशभक्ति का ज्वार, मातृभूमि के प्रति अपार प्रेम, और ये सिर्फ गुजरात में नहीं हिन्दुस्तान के कोने में है। हर हिन्दुस्तानी के दिल में है। शरीर कितना ही स्वस्थ क्यों न हो, लेकिन अगर एक कांटा चुभता है तो पूरा शरीर दुखता है, हमने तय कर लिया है कि उस कांटे को निकाल कर रहेंगे।” ग़ौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी का इशारा पाकिस्तान और उसके पालतू आंतकवादियों की और था। 

आज की बात आज : 28 मई 2025 की मुख्य हेडलाइंस को यूट्यूब चैनल पर देखने के लिए क्लिक करें:

2. ऑपरेशन सिन्दूर के बाद अब पाकिस्तान से सटे राज्यों में गुरुवार की शाम मॉक ड्रिल होगी। इनमें जम्मू-कश्मीर, गुजरात, पंजाब और राजस्थान शामिल हैं। भारत सरकार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। इससे पहले 7 मई को देश के 244 जिलों में मॉक ड्रिल हुई थी। इसमें नागरिकों को दुश्मन के हमले के दौरान खुद को बचाने की ट्रेनिंग दी गई थी। यह इसलिए किया गया ताकि युद्ध की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। ग़ौरतलब है कि देश में पिछली बार ऐसी मॉक ड्रिल 1971 में में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध के समय हुई थी। उस युद्ध में भारत ने बहुत बुरी तरह से पाकिस्‍तान को हराया था जिसमे दुनिया का सबसे बड़ा सरेंडर हुआ था। पाकिस्तान के 90 हजार से अधिक फ़ौजियों ने भारत की सेना सामने हथियार डाले थे और पाकिस्तान दो टुकड़ों में बंट गया था: पाकिस्तान और बांग्लादेश। 

3. देश की बहादुर बेटी कर्नल सोफिया के खिलाफ गलत बयानबाजी करने वाले मंत्री विजय शाह का मामले को सुप्रीम कोर्ट ने फ़िलहाल रोक दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने SIT को इस मामले की जांच के लिए जुलाई तक का वक्त दिया है। ग़ौरतलब है कि अभी तक आरोपी मंत्री विजय शाह से पूछताछ नहीं हुई है। 

4. मणिपुर राज्य में 10 विधायकों ने बुधवार को राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। इनमें 8 भाजपा विधायक, NPP और निर्दलीय के एक-एक विधायक हैं। इन विधायकों ने दावा किया है कि इनके पास 44 विधायकों का समर्थन है। और राज्य में सरकार बनाने के लिए उनके पास पर्याप्त संख्या बल है। 

5. कोरोना वायरस फिर लौट आया है। देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव केसों की संख्या 1200 पहुंच गई है। महाराष्ट्र एक्टिव केसेज के मामले में दूसरे नंबर पर है। यहां 325 मरीज हैं। इनमें से 316 मरीज सिर्फ मुंबई में हैं। इसके बाद केरल में सबसे ज्यादा 430 कोरोना मरीज हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र में 66, कर्नाटक में 36, गुजरात में 17, बिहार में 5 और हरियाणा में 3 नए मामले सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मंगलवार को 78 साल के कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह राज्य में कोविड के नए वैरिएंट से पहली मौत है। इसके अलावा, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में कुल 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। मरने वालों की संख्या 12 तक पहुंच गई है। प्रधानमंत्री मोदी के 29-30 मई को UP-बिहार दौरे के मद्देनजर राज्य का स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है। निर्देश दिया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी के 100 मीटर के दायरे में रहने वाले सभी लोगों की काेराेना जांच होगी। ​​​​​

6. अयोध्या में श्री रामदरबार की प्राण प्रतिष्ठा 5 जून को होगी। और 7 मंदिरों में भव्य पूजा होगी। इसमें अनुष्ठान 101 आचार्य द्वारा संपन्न किया जायेगा। सूत्रों के अनुसार सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अनुष्ठान में शामिल होंगे। 

7. कांग्रेस नेता उदित राज ने अपनी पार्टी के सांसद शशि थरूर को लेकर कहा कि शशि थरूर को भारतीय जनता पार्टी का मुख्य प्रवक्ता घोषित कर देना चाहिए। दरअसल पाकिस्तान के साथ भारत सरकार के ऑपरेशन सिन्दूर पृष्ठभूमि में भारत का पक्ष रखने के लिए विदेश गए एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे शशि थरूर ने पनामा में कहा कि हाल के वर्षों में जो बदलाव आया है वह यह है कि आतंकवादियों को भी एहसास हो गया है कि उन्हें अपने किए की कीमत चुकानी पड़ेगी।

8. मेरठ में एक पति के वहशीपन का मामला सामने आया है। न्यू इस्लामनगर की रहने वाली परवीन उर्फ मुस्कान ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुस्कान के अनुसार, उसका पति शराब का आदी है। वह रात को घर आकर उससे शराब के पैग बनवाता है। मना करने पर वह उसे बुरी तरह पीटता है। मुस्कान का कहना है कि उसके पति शावेज के एक अन्य महिला से भी अवैध संबंध हैं। कुछ दिन पहले मुस्कान ने पति को उस महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। विरोध करने पर शावेज ने उसकी पिटाई कर दी। पीड़िता ने मारपीट का वीडियो बनाया और बुधवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।